छत्तीसगढ़

CG Accident : धनतेरस की सुबह भीषण सड़क हादसा, दो की मौत और चार गंभीर घायल; बेकाबू कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर

बेमेतरा, 06 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धनतेरस की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर नेशनल हाईवे-30 स्थित सतनाम चौक के पास हुआ। तेज रफ्तार बेकाबू कार ने दो कारों और एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे स्थित मकान की दीवार से जा टकराई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार तड़के हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटना की चपेट में आया एक परिवार गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर अन्य वाहनों से टकराते हुए मकान की दीवार से जा भिड़ी।

इस दर्दनाक हादसे में बेमेतरा निवासी लक्की देशलहरे और ग्राम सोड़ निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी में टक्कर मारने वाले कार चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

त्योहार के दिन हुए इस भीषण हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और चालक की स्थिति की जांच की जा रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button