बाथरूम में युवतियों के अश्लील वीडियो बनाने के मामले में दो गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 18 अक्टूबर। गोलबाजार इलाके में बाथरूम में नहाते समय युवतियों के चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें साझा करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहल्ले के एक नाबालिग ने उसके नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाया था। संदेह होने पर एक युवक का मोबाइल जांचने पर पीड़िता के अलावा मोहल्ले की तीन अन्य युवतियों के भी ऐसे वीडियो मिले। नाबालिग ने ये वीडियो अपने दो दोस्तों कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21) को भेजे थे।
शिकायत पर गोलबाजार पुलिस ने बीएनएस की धारा 77 और आईटी एक्ट की धारा 66ई के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।


