पत्नी को अश्लील मैसेज और जान से मारने की धमकी देने वाला पति गिरफ्तार

फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से करता था परेशान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोरबा, 26 नवंबर। पत्नी और उसके रिश्तेदारों को सोशल मीडिया पर अश्लील संदेश भेजने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोरबा पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट और व्हाट्सऐप के जरिए महिला को लगातार परेशान कर रहा था। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पुलिस ने उसे बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से पकड़ा। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि पति और उसके परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद पति सोशल मीडिया के माध्यम से उसे और उसके रिश्तेदारों को परेशान करने लगा।
आरोपी व्हाट्सऐप और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से अश्लील संदेश और तस्वीरें भेजकर महिला तथा उसके परिवार को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की कोशिश करता था। इसके अलावा उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 और 296 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव और सीएसईबी सहायता केंद्र की टीम ने साइबर सेल की मदद से संबंधित मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
जांच में आरोपी की पहचान और ठिकाने का पता चलने के बाद पुलिस ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंगांव क्षेत्र के खोरसीनाला गांव में दबिश दी। यहां से 24 वर्षीय अश्थेश्वर रात्रे को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने उसके पास से रेडमी मोबाइल फोन जब्त किया है। इसके अलावा व्हाट्सऐप चैट और इंस्टाग्राम पर भेजे गए संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में जब्त किए गए हैं।
आरोपी को कोरबा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



