ताजा खबर

पितरों की स्मृति में गृह ग्राम रैताल में कराया न्योता भोज, बच्चों को स्कूल बैग व शिक्षण सामग्री भी बांटी

 रामकुमार गुप्ता आरंग। स्थानीय सोनू पुस्तक भंडार के संचालक बृजेश कुमार अग्रवाल ने अपने पितरों की स्मृति में अपने गृह ग्राम रैताल, भीमखोज-खल्लारी में विद्यालयीन एवं आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया। शासन की अभिनव पोषण आहार योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराने के साथ ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग और सभी बच्चों को दैनिक उपयोग की शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रमुखों एवं अतिथियों का बच्चों ने गुलाल लगाकर और गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। इसके पश्चात बृजेश कुमार अग्रवाल ने जिन बच्चों के पास स्कूल बैग नहीं थे, उन्हें स्कूल बैग प्रदान किए। साथ ही सभी बच्चों को पेन, रबर, कटर सहित आवश्यक शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य में ग्रामीणों एवं शिक्षकों ने भी सहयोग प्रदान किया।

न्योता भोज में बच्चों को अंकुरित चना, मूंग, मूंगफली दाना, भुजिया-सेव, खीर, पुड़ी, बड़ा, केला तथा भारतीय मिठाइयों के राजा कहे जाने वाले स्वादिष्ट जलेबी सहित विभिन्न व्यंजन परोसे गए। स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बृजेश अग्रवाल के प्रति आभार जताया और उन्हें धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर बृजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अंकुरित अनाज एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संतुलित और पौष्टिक भोजन बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलने के साथ उनमें आपसी मेल-जोल और सामुदायिक सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।

कार्यक्रम को गरिमामय रूप से संपन्न कराने में शाला विकास समिति के अध्यक्ष सुरेश पटेल, उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार साहू, सरपंच भेख राम बघेल, पूर्व सरपंच प्रमोद चंद्राकर, उपसरपंच उगेश पटेल, प्रधान पाठक कुंदन लाल साहू, रामेश्वर ध्रुव, किसान कांग्रेस के जिला महामंत्री रोशन लाल, उमेश पटेल, खोलबहरीन बघेल, भक्तु राम पटेल, अर्जुन पटेल, मालती पटेल, सुकबती ध्रुव, सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू राम सबर, कामदेव पटेल, ओमप्रकाश सबर, जागेश्वरी बारीहा, उषाबाई ध्रुव, बलराम जलछत्री, परमजीत संधू ज्ञानीजी सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।

पितरों की स्मृति को सेवा और परोपकार से जोड़ते हुए आयोजित इस न्योता भोज ने बच्चों के बीच खुशियां बांटने के साथ शिक्षा, पोषण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश दिया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button