ईरान ने 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाने के लिए भारत का जताया आभार

नई दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास ने अज़िनी जहाज़ के 20 ईरानी क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाने के लिए भारत सरकार, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना का आभार जताया है.
ईरानी दूतावस ने एक्स पर लिखा, हम भारतीय सशस्त्र बलों की पेशेवर कार्यशैली, साहस और आपसी तालमेल की सराहना करते हैं.
यह भारत की मानवीय मदद और आपदा के समय राहत पहुंचाने की मज़बूत प्रतिबद्धता को दिखाता है. साथ ही, यह भी बताता है कि भारत सीमाओं से बाहर भी लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है.
ईरानी दूतावास ने इस अभियान को भारत और ईरान के बीच दोस्ती, एकजुटता और सहयोग की भावना का प्रतीक बताया. साथ ही ईरानी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने में शामिल सभी लोगों का आभार जताया.
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर दो नवंबर 2026 को हुए इस अभियान के लिए भारतीय नौसेना को बधाई दी थी.
उन्होंने बताया था कि मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर अरब सागर में 48 घंटे तक चले इस अभियान में सभी 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया गया. भारतीय वायुसेना ने भी इस अभियान में समय पर सहयोग दिया.
राजनाथ सिंह के मुताबिक़, भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों की स्थिति का पता लगाया उन्हें रोका और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित छुड़ाया.(bbc.com/hindi)



