इसराइल पर हमास नेता के बेटे और परिवार की हत्या की कोशिश का आरोप

हमास का दावा है कि उसके राजनीतिक प्रमुख ख़लील अल-हय्या के बेटे इज़्ज़ अल-दीन शुक्रवार को इसराइली हमले में बच गए.
बीबीसी अरबी के मुताबिक़, हमास ने इसे उनकी हत्या की कोशिश बताया है.
हमास के नेता बासिम नईम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि शुक्रवार तड़के हुए हवाई हमले में इज़्ज़ अल-दीन और उनका परिवार बच गया.
हमास के सूत्रों के मुताबिक़, हमले में कई लोग घायल हुए हैं. इनमें इज़्ज़ अल-दीन की पत्नी भी शामिल हैं. हालांकि, किसी की मौत नहीं हुई.
इसराइली सेना ने अभी इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है. उसने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है.
बासिम नईम ने बताया कि इज़्ज़ अल-दीन का जन्म 1997 में हुआ था. वह ख़लील अल-हय्या के इकलौते जीवित बेटे हैं. इसराइली सेना उनके चार अन्य बेटों को मार चुकी है.
नईम ने यह भी बताया कि शुक्रवार के हमले में ख़लील अल-हय्या के एक मारे जा चुके बेटे के परिवार के लोग भी बच गए.
हमास ने अपने बयान में कहा कि इसराइली सेना ने एक रिहायशी अपार्टमेंट पर हमला किया था. संगठन ने इसे इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ की ख़लील अल-हय्या को दी गई धमकियों से जोड़ा है.
इसराइल की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है. (bbc.com/hindi)



