सूचना आयोग के आदेश पर हाईकोर्ट की रोक, कलिंगा विवि को अंतरिम राहत

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 16 नवंबर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सूचना आयोग के उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है, जिसमें कलिंगा विश्वविद्यालय को कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। विश्वविद्यालय की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने अगली सुनवाई तक आयोग के आदेश के क्रियान्वयन और प्रभाव पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई दिसंबर 2026 में होगी।
कलिंगा विश्वविद्यालय ने राज्य सूचना आयोग के 13 जुलाई 2026 के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। विश्वविद्यालय का कहना था कि जशपुर निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने हिंदी विषय से संबंधित जिन दस्तावेजों की मांग की है, उनमें तीसरे पक्ष से जुड़ी निजी जानकारी शामिल है।
विश्वविद्यालय ने यह भी तर्क दिया कि आवेदक ने इन दस्तावेजों को प्राप्त करने के लिए किसी सार्वजनिक हित का उल्लेख नहीं किया है। इसके बावजूद सूचना आयोग ने विश्वविद्यालय को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।
मामले की सुनवाई 30 अक्टूबर को न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ में हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने राज्य सूचना आयोग के आदेश के क्रियान्वयन और प्रभाव पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी।
हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश से फिलहाल विश्वविद्यालय को राहत मिल गई है। अब दिसंबर 2026 में होने वाली अगली सुनवाई में मामले पर आगे विचार किया जाएगा।



