छत्तीसगढ़

अतिक्रमण कार्रवाई के मुकदमे में शिकायतकर्ता को पक्षकार बनाने से हाईकोर्ट का इनकार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 16 नवंबर। नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सिविल कोर्ट में चल रहे विवाद में शिकायतकर्ता को पक्षकार बनाने की मांग छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल शिकायत करने के आधार पर किसी व्यक्ति को मुकदमे में आवश्यक या उचित पक्षकार नहीं माना जा सकता। हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी।

बिलासपुर निवासी गिरिश पांडेय ने नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ सिविल कोर्ट में स्थायी निषेधाज्ञा का मुकदमा दायर किया था। उनका कहना था कि उनका कब्जा निर्धारित सीमाओं के भीतर है और उन्होंने किसी सड़क या सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण नहीं किया है।

उन्होंने 1962 से 1964 के बीच स्वीकृत नगर एवं ग्राम निवेश के नक्शे का हवाला देते हुए बताया कि मकान सहित उनकी संपत्ति का कुल क्षेत्रफल 3,375 वर्गफुट है। वहीं, नगर निगम का कहना था कि स्वीकृत नक्शे के बिना किया गया निर्माण अवैध है और इसी आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में संजय सिंह चौहान ने नगर निगम में अतिक्रमण की शिकायत की थी। उनका तर्क था कि उनकी शिकायत के आधार पर ही निगम ने कार्रवाई शुरू की है, इसलिए मुकदमे के फैसले से उनके हित भी प्रभावित हो सकते हैं। इसी आधार पर उन्होंने सिविल कोर्ट में मुकदमे का पक्षकार बनाए जाने का आवेदन दिया।

15 मई 2026 को नौवें सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी), बिलासपुर ने उनका आवेदन खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ चौहान ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने दलील दी कि विवाद का प्रभावी और पूर्ण निराकरण करने के लिए उन्हें पक्षकार बनाना जरूरी है। वहीं, नगर निगम की ओर से अधिवक्ता ने इसका विरोध करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता न तो आवश्यक पक्षकार हैं और न ही उचित पक्षकार।

हाईकोर्ट ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड बनाम रीजेंसी कन्वेंशन सेंटर एंड होटल्स प्राइवेट लिमिटेड फैसले का उल्लेख किया।

अदालत ने पाया कि गिरिश पांडेय ने नगर निगम की कार्रवाई को चुनौती दी है और निगम स्वयं अदालत में अपना पक्ष रख रहा है। ऐसे में केवल शिकायतकर्ता होने के आधार पर संजय सिंह चौहान को मुकदमे में पक्षकार बनाना जरूरी नहीं है। निचली अदालत के आदेश में कोई अधिकार क्षेत्र संबंधी त्रुटि नहीं मिलने पर हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button