एक महीने बाद फिर शुरू हुई कोलकाता उड़ान में पहले दिन 36 यात्रियों ने भरी उड़ान

दोपहर की जगह सुबह की सेवा बहाल करने की मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 26 अक्टूबर। बिलासा देवी केवट चकरभाठा एयरपोर्ट से बिलासपुर-कोलकाता उड़ान करीब एक महीने सात दिन के अंतराल के बाद फिर शुरू हो गई है। रविवार को पहले दिन बिलासपुर से 36 यात्री कोलकाता के लिए रवाना हुए। हालांकि, उड़ान का समय सुबह से बदलकर दोपहर 1.30 बजे किए जाने को लेकर यात्रियों की सुविधा और यात्री संख्या पर असर पड़ने की चिंता जताई जा रही है।
बिलासपुर-कोलकाता सेवा 18 सितंबर से बंद थी। अब इसके दोबारा शुरू होने के बाद भी समय को लेकर असंतोष है। पहले यह उड़ान सुबह करीब 7 बजे संचालित होती थी, लेकिन अब इसे दोपहर 1.30 बजे कर दिया गया है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रविवार को कोलकाता जाने वाले यात्रियों की संख्या 36 रही। पहले सुबह संचालित होने वाली उड़ान में औसतन करीब 50 यात्री सफर करते थे। ऐसे में उड़ान का पुराना समय बहाल करने की मांग उठ रही है। गौरतलब है कि एयरलाइन ने इससे पहले यात्रियों की संख्या में कमी का हवाला देते हुए इस सेवा को एक महीने के लिए बंद कर दिया था।
सर्दियों के कार्यक्रम के तहत बिलासपुर-दिल्ली उड़ान के प्रस्थान का समय भी बदला गया है। अब यह उड़ान शाम 5 बजे के बजाय दोपहर 2.40 बजे रवाना होगी।
रविवार को दिल्ली से बिलासपुर पहुंचे यात्रियों की संख्या 45 रही, जबकि बिलासपुर से दिल्ली के लिए 56 यात्री रवाना हुए।
बिलासपुर एयरपोर्ट पर सुविधाओं की कमी, उड़ानों के समय में बार-बार बदलाव और मार्गों में परिवर्तन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। पहले एलायंस एयर की छह उड़ानें संचालित होती थीं, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर चार रह गई है।
यात्रियों और विमानन सुविधा के लिए काम कर रही संघर्ष समिति का कहना है कि उड़ानों का सुविधाजनक समय और नियमित संचालन जरूरी है। कोलकाता सेवा को सुबह के समय बहाल करने की मांग भी इसी आधार पर की जा रही है। एयरपोर्ट की सुविधाओं में सुधार और उड़ानों की नियमितता के बिना यात्री संख्या बढ़ाने की चुनौती बनी रहेगी।



