छत्तीसगढ़

ओडिशा से बारात वापसी, सडक़ हादसे में नांदगांव की युवतियों की मौत, 3 जख्मी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव/महासमुंद, 23 अक्टूबर। राजनांदगांव के नजदीक बासुला के रहने वाले एक मुस्लिम परिवार शुक्रवार सुबह उस वक्त सडक़ हादसे की चपेट में आ गया, जब ओडिशा के संबलपुर से वापस लौटते वक्त महासमुंद जिले के नेशनल हाईवे में कार-ट्रक भिड़ंत में दो युवतियों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना महासमुंद जिले के नेशनल हाईवे स्थित बावनकेरा के पास ओवरटेक करने के दौरान कार सामने जा रही ट्रक से टकरा गई। इस घटना से मुस्लिम परिवार के यहां चल रहे शादी समारोह की खुशी मातम में बदल गई।

राजनांदगांव-बासुला के रहने वाले अमीन खान के बड़े बेटे का ओडिशा के संबलपुर में विवाह तय हुआ था। अमीन खान अपने रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर संबलपुर गए थे। गुरुवार देर शाम को विवाह संपन्न होने के बाद अमीन खान का छोटा बेटा अपनी बहन तसनिया खान (16 साल) समेत 5 लोगों को लेकर कार से राजनांदगांव वापसी के लिए निकला था।

बताया जा रहा है कि घर में आयोजित शादी समारोह की तैयारी के मद्देनजर अमीन खान ने अपने छोटे बेटे को पहले रवाना किया था। जैसे ही कार बावनकेरा के पास पहुंची, ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान यह हादसा हो गया।

हादसे में दो युवतियां तसनिया खान (16) और सना गाजी (26) की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे में 3 लोग जख्मी हुए हैं।

इधर, हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदार घायलों से मिलने के लिए रायपुर रवाना हुए हैं। महासमुंद के पटेवा थाना प्रभारी घटना की जांच कर रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button