हिसार: एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, साइबर सुरक्षा पर किया गया जागरूक

हिसार: तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी हिसार द्वारा हिन्दू पब्लिक स्कूल में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का नौवां दिन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। शिविर के नौवें दिन की शुरुआत प्रातःकालीन पीटी से हुई, जिसके बाद कैडेट्स के कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास को परखने के लिए कई अहम प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने दिखाया उत्साह
शिविर में जूनियर और सीनियर विंग के कैडेट्स के लिए पोस्टर मेकिंग, भाषण, निबंध लेखन और सामान्य ज्ञान (जीके) क्विज़ जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में सभी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कर्नल सतीश कुमार मिश्रा ने विजेताओं को किया सम्मानित
प्रतियोगिताओं के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल सतीश कुमार मिश्रा ने विजेता कैडेट्स को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पहनाकर सम्मानित किया। इसके अलावा टीम इवेंट्स के विजेताओं को ट्रॉफियां भी प्रदान की गईं। पुरस्कार पाकर कैडेट्स के चेहरों पर खुशी और गर्व स्पष्ट झलक रहा था। कर्नल मिश्रा ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए अन्य कैडेट्स को निरंतर मेहनत और लगन से लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल युग के खतरों व साइबर अपराध पर विशेष व्याख्यान
दिन के प्रमुख सत्रों में साइबर अपराध पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। नायब सूबेदार मुकेश ने कैडेट्स को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों, जैसे- ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ओटीपी तथा बैंकिंग ठगी के बारे में विस्तार से बताया। कैडेट्स को विशेष सलाह दी गई कि वे अपनी निजी जानकारी और पासवर्ड किसी से साझा न करें, हमेशा मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
सांस्कृतिक संध्या में दिखी ‘विविधता में एकता’ की झलक
शाम के सत्र में एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें कैडेट्स ने गीत, नृत्य और अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति के साथ-साथ ‘विविधता में एकता’ की शानदार झलक देखने को मिली। उपस्थित अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने कैडेट्स के उत्साह और उनकी शानदार प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
शिविर में 600 से अधिक कैडेट्स ले रहे हैं भाग
यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कैंप कमांडेंट कर्नल सतीश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में कैंप एडजुडेन्ट सेकंड ऑफिसर लवलीन कौर, सीनियर जीसीआई निशा, सेकंड ऑफिसर पूनम, सेकंड ऑफिसर सुदेश, सूबेदार मेजर सीता राम, सूबेदार टेक सिंह, क्लर्क रोहित शर्मा, लखवीर सिंह, विकास कुमार, मंगल सिंह और अमित नेहरा सक्रिय रूप से अपना योगदान दे रहे हैं। इस शिविर में तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी हिसार के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों की 535 छात्रा कैडेट्स और रोहतक ग्रुप के अंतर्गत 11 बटालियन्स के 65 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।



