गणेश मंदिर में सजा मोनी बाबा का भंडारा
राजनांदगांव: मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सेवा और सत्कार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री गणेश मंदिर मिथिला धाम, मोनी बाबा आश्रम में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर समिति की ओर से आयोजित भंडारे में मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था की गई। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। बम्लेश्वरी तीर्थयात्रियों के लिए मोनी बाबा का भंडारा सर्वप्रथम गणेश मंदिर में ही आयोजित किया गया था। बाद में तत्कालीन कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा के प्रयासों से पदयात्रा को और भव्यता मिली। उनके प्रयासों के बाद विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने भी पदयात्रियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था शुरू की। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जगह-जगह सुविधाएं मिलने लगीं।
