छह राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त, ओम माथुर केरलम और आर्लेकर तमिलनाडु भेजे गए

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और तबादले के आदेश जारी किए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम से केरलम और केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है। इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
ओम प्रकाश माथुर जुलाई 2024 से सिक्किम के राज्यपाल थे। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद हैं। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर जनवरी 2025 से केरलम के राज्यपाल थे। इससे पहले वे बिहार और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं। वे गोवा विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे हैं। आर्लेकर को तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था।
ब्रज मोहन राम झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। उन्हें ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। डॉ. सुधा यादव भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हैं। उन्हें कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और बालाघाट के पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल होंगे। वे लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे। बिसेन चार बार बरघाट से विधायक रहे हैं और 2003 से 2005 के बीच मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई दी है।



