छत्तीसगढ़

NTPC लारा में गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया संविधान दिवस, डॉ. आंबेडकर के योगदान को किया याद

रायगढ़, 27 नवंबर 2026। एनटीपीसी लारा में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के अतुलनीय योगदान को याद किया गया। समारोह के माध्यम से उपस्थित लोगों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं अवसर प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर के विचार आज भी एक न्यायपूर्ण, समतामूलक एवं समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं। संविधान में निहित आदर्श केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उन्हें प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन, व्यवहार और कार्य संस्कृति में अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण एवं उनके पालन के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

समारोह में प्रेरिता महिला समिति (पीएमएस) की अध्यक्ष रेखा ठाकुर, एम. श्रीनाध, एम. उषा, सुष्मिता रेड्डी, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग), उदागिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव, जाकिर खान सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एससी/एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे भी समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर एससी/एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक समानता, समरसता और संविधान के आदर्शों को समाज में स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बाल भवन के बच्चों ने फैंसी ड्रेस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं गुरुकुल के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य एवं लघु नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के मूल्यों, सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया।

समारोह के अंत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी लारा परिवार ने भारतीय संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए न्यायपूर्ण, समावेशी एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button