डोनाल्ड ट्रंप ने किस बात पर कहा, ‘मैं तो मज़ाक कर रहा था’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अल्टीमेट फ़ाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफ़सी) के प्रमुख डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनाने की बात मज़ाक में कही थी.
ट्रंप ने रविवार को मीडिया से कहा कि डाना व्हाइट को यह विचार बहुत पसंद है, लेकिन उन्हें यह पद देने का प्रस्ताव सिर्फ़ थोड़े मज़ाक के लिए था.
दरअसल, शनिवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्होंने डाना व्हाइट को यह पद देने की पेशकश की है. उन्होंने उनसे यह ज़िम्मेदारी संभालने के लिए कहा था और लिखा था, डाना एक ऐसे प्रेस सेक्रेटरी होंगे, जिनकी कोई मिसाल नहीं होगी.
इसके बाद डाना व्हाइट ने शनिवार को कहा था कि वह सोमवार को राष्ट्रपति से मिलने वाले हैं. हालांकि, उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया था कि वह यह पद स्वीकार करेंगे या नहीं.
रविवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि डाना व्हाइट सोमवार को कुछ दूसरे कारणों से उनसे मिलने आ रहे हैं.
ट्रंप ने कहा, मुझे लगता है कि वह वॉशिंगटन में होंगे. इसलिए वह मुझसे मिलने आएंगे.
मैं आपको बता दूं कि मैं सिर्फ़ मज़ाक कर रहा था. लेकिन डाना को यह विचार बहुत पसंद है. और डाना जैसा कोई दूसरा नहीं है. वह शानदार हैं.
उन्होंने कहा, लेकिन यह बस थोड़े मज़ाक के लिए था.(bbc.com/hindi)



