धान खरीदी महापर्व का आगाज: कलेक्टर ने पूजा कर किया शुभारंभ, किसानों को शाल ओढ़ाकर दिया सम्मान

बेमेतरा, 15 नवंबर 2026 । जिले में धान खरीदी महापर्व का आज से विधिवत शुभारंभ हो गया। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने धान उपार्जन केंद्र मोहतरा एवं बिलई पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की।
शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर ने स्वयं किसानों को शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से धान खरीदी, तौल और भुगतान की व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली और किसानों से सीधा संवाद किया। कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसी भी किसान को धान बेचने में कोई असुविधा नहीं होगी।
कलेक्टर के निर्देश पर आज जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में एक साथ खरीदी शुरू हो गई। सभी केंद्रों में नोडल अधिकारियों ने पहुंचकर शुभारंभ कराया। सुबह से ही किसान अपनी धान लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे थे। किसानों में इस बार खरीदी को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

कलेक्टर ममगाईं ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। तौल में गड़बड़ी, किसानों से दुर्व्यवहार या अनावश्यक विलंब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों को टोकन, तौल और भुगतान की पूरी जानकारी समय पर दी जाए। केंद्र में पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, बारदाने, हमाल और तौल कांटा की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो।
धान की नमी जांच और गुणवत्ता परीक्षण किसानों के सामने किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। केंद्रों में रोजाना साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
मोहतरा और बिलई में किसानों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम, सही समय पर और सम्मान के साथ मिले। धान खरीदी केंद्र किसानों की सेवा के लिए हैं, इसलिए हर किसान को सहयोग करना अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे अपने टोकन के अनुसार ही धान लेकर आएं, ताकि भीड़ और अव्यवस्था न हो और खरीदी सुविधाजनक रूप से हो सके।
कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें, किसानों की शिकायतों का तुरंत निराकरण करें और हर दिन की खरीदी की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजें।
इस अवसर पर संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, सहकारी समिति के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
धान खरीदी के शुभारंभ से जिले के किसानों में खुशी की लहर है। किसानों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार खरीदी सुचारू और पारदर्शी तरीके से होगी, इसका उन्हें पूरा भरोसा है।



