बलौदाबाजार में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 181 केंद्रों में होगी व्यवस्था; किसान अपनी पसंद की तारीख का ले सकेंगे टोकन
बलौदाबाजार, 03 नवंबर 2026 । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बलौदाबाजार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। जिले के 181 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान खरीदा जाएगा। इस बार किसानों को टोकन लेने में बड़ी सुविधा दी गई है। अब किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख का टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने सभी खरीदी केंद्रों में चेकलिस्ट के अनुसार जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने और 15 नवंबर से सभी केंद्रों में खरीदी शुरू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को अवैध धान की आवक और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक किसानों से नियमानुसार धान खरीदी की जाएगी और किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
10 नवंबर से शुरू होगी तुंहर टोकन ऐप की सुविधा
इस बार धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन लेने में समय की पाबंदी से राहत मिलेगी। किसान तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख का टोकन ले सकेंगे। ऐप से टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी। कुल टोकन में 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप और 30 प्रतिशत समिति के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
जारी व्यवस्था के अनुसार दो एकड़ तक की खेती वाले किसानों को एक टोकन, दो से दस एकड़ तक दो टोकन और दस एकड़ से अधिक खेती वाले किसानों को तीन टोकन दिए जाएंगे।
धान खरीदी के बाद होगा उठाव
अवैध धान की आवक और कस्टम मिलिंग पर निगरानी रखने के लिए इस बार खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव नहीं किया जाएगा। धान का उठाव खरीदी पूरी होने के बाद होगा। इसके लिए केंद्रों में धान के सुरक्षित रखरखाव को लेकर उचित स्टेकिंग, ड्रेनेज और तिरपाल सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कर्मचारी सम्मानित
बैठक के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, रीडर दिलेश्वर प्रसाद साहू, जमेश्वर प्रसाद साहू और डाटा एंट्री ऑपरेटर त्रिलोक साहू शामिल हैं।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



