कर्मवीर ने बनाई निकाय चुनाव कार्ययोजना

चुनाव कार्यक्रम दीपावली बाद घोषित होंगे
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 3नवंबर । भाजपा प्रदेश कार्यालय ठाकरे परिसर में मंगलवार को 14 नगरीय निकाय चुनाव कार्ययोजना बैठक हुई ।बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह , उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन , अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, सांसद एवं मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। चुनाव दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा दीपावली के बाद होने की संभावना है। आयोग इसी सप्ताह अंतिम मतदाता सूची की घोषणा करने जा रहा है।
आयोग के अनुसार मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जाएगी। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी संबंधित नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है।नगर पालिका आम चुनाव के तहत कुल 417 पदों के लिए निर्वाचक नामावली तैयार की जा रही है। इनमें भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगम के 4 महापौर पद शामिल हैं। इसके अलावा 13 अध्यक्ष और 400 पार्षद पदों के लिए चुनाव होने हैं।
नगर पालिका उप चुनाव के लिए भी अलग से प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उप चुनाव में एक अध्यक्ष और छह पार्षद पद शामिल हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए भी राज्य निर्वाचन आयोग ने विस्तृत कार्यक्रम तय किया है। पंचायत क्षेत्रों में जनपद पंचायत सदस्य के एक पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पदों के लिए भी चुनाव होने हैं।
चुनावों के लिए संगठनात्मक नियुक्तियां होंगी- पांडे
बैठक के बाद सांसद व मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने मीडिया से कहा कि चुनावी निकायों में भी भाजपा की जीत होगी। इन चुनावों के लिए संगठनात्मक नियुक्तियां होंगी। दीपावली व छठ के दौरान वहां कार्यक्रम होंगे।



