मातर पर रायपुर के गांवों में शांति, अपराधों में कमी

ग्रामीण इलाकों में पिछले साल के मुकाबले कम हुई घटनाएं
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। रायपुर के ग्रामीण इलाकों में दीपावली, और मातर पर शांति का माहौल रहा। सालों बाद कोई बड़ी घटना नहीं हुई। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्योहार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की थी। इसके बेहतर नतीजे आए हैं। यही नहीं, वर्ष-2026 में पिछले साल के मुकाबले अपराधों में भी कमी आई है।
रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव और मेल-मिलाप का माहौल रहा। इस बीच रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए सतर्कता बरती। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इस वर्ष शरीर संबंधी अपराधों में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 की निर्धारित अवधि में जहां 92 प्रकरण दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2026 की समान अवधि में यह संख्या घटकर 83 रह गई। इस तरह कुल 9 मामलों की कमी आई है।
अपराधों की श्रेणीवार समीक्षा में भी गिरावट सामने आई है। हत्या के प्रयास के पिछले वर्ष दर्ज दो मामलों की तुलना में इस वर्ष कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। बलवा के प्रकरण तीन से घटकर एक रह गए, जबकि लूट की एक घटना के मुकाबले इस वर्ष कोई प्रकरण सामने नहीं आया। चोट पहुंचाने के मामले भी 86 से घटकर 82 रह गए।
मातर पर्व के मद्देनजर ग्रामीण इलाकों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी और सक्रियता पर विशेष जोर रहा। पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के साथ त्वरित कार्रवाई पर ध्यान दिया। पुलिस ने तुलनात्मक आंकड़ों को अपराध नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया है।



