इस्पात संयंत्र में काम के दौरान कर्मचारी की मौत, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधा पर उठे सवाल
बलौदाबाजार। जिले के ग्राम खजरी स्थित अनिमेष इस्पात संयंत्र में काम के दौरान कर्मचारी टिकेश्वर वर्मा की मौत हो गई। टिकेश्वर आपरेटर के पद पर कार्यरत था। रविवार को उसकी भी शिफ्ट ड्यूटी थी। वहीं एक साथी के काम में न आने की वजह से वह डबल शिफ्ट रात में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी पर उसे तत्काल सुविधा नहीं मिली। उसे देर रात एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आज अनिमेष इस्पात संयंत्र के सामने परिजनों के साथ जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद कंपनी ने मृतक के आश्रित को 25 लाख रुपए देने की बात कही है। फिलहाल इस बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मामले को पूरी तरह दबाने की कोशिश की जा रही थी, जिसके बाद जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव ने इस पर संज्ञान लिया और कंपनी प्रबंधन से चर्चा की तब जाकर मृतक के आश्रितों को कंपनी द्वारा मुआवजा देने की बात पर सहमति बनी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिले में स्थापित उद्योग संयंत्रों में से अधिकांश उद्योगों में समय-समय पर आए दिन घटना, दुर्घटना व इस तरह की घटनाएं होती है, पर इनकी व्यवस्था पर प्रशासन द्वारा सार्थक पहल नहीं किया जा रहा है। वहीं जिले के औद्योगिक सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह उठ रहा है कि इस तरह की व्यवस्था वाले उद्योगों पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जाती है। फिलहाल देखना होगा कि इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासन औद्योगिक प्रतिष्ठानों को क्या दिशा निर्देश जारी करती है और व्यवस्था करवाती है। घटना के बाद प्रशासन द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। वहीं प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।



