जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर ली, फिर बेचकर की 9 लाख की धोखाधड़ी; फरार आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 02 नवंबर 2026। जांजगीर-चांपा जिले में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचकर करीब 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बलौदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, खिसोरा निवासी विमलेश कुमार अहिर ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई 2026 को सन्नी लाल पाटले और राहुल कुमार खाण्डे उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को जियो कंपनी का सुपरवाइजर बताते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने की बात कही। आरोपियों ने प्रत्येक ट्रैक्टर का 30 हजार रुपये मासिक किराया देने का झांसा दिया और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अपने साथ ले गए।
बाद में आरोपियों ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति के पास करीब 2 लाख रुपये में बेच दिया। बिक्री से मिली रकम में से 50 हजार रुपये खर्च कर दिए। इस तरह प्रार्थी के साथ करीब 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के आधार पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 407/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले में SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही सन्नी लाल पाटले निवासी बम्हनीन और राहुल कुमार खाण्डे निवासी खम्हरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
वहीं, मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी अब्दुल गफूर खान (46 वर्ष), निवासी मचखंडा थाना सीपत, जिला बिलासपुर की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और बाद में उन्हें बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार तथा आरक्षक रज्जू रात्रे, जयराम बिझवार और नारायण भानू का सराहनीय योगदान रहा।



