राष्ट्रपति 22 को रायपुर में सेवा संकल्प कार्यक्रम में होंगी शामिल

शदाणी दरबार में माता हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये का सिक्का जारी करने का कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 9 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर आएंगी। इस दौरान वे इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा संकल्प सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके अलावा उनके शदाणी दरबार जाने और माता हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये का सिक्का जारी करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति रायपुर पहुंचने के बाद गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद वे इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा संकल्प सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगी। नवाखाई के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा आयोजन की तैयारियों में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
राष्ट्रपति के शदाणी दरबार जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। यहां माता हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये का सिक्का जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विभिन्न राज्यों से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रपति 22 अक्टूबर को रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगी और अगले दिन 23 अक्टूबर को जगदलपुर रवाना होंगी।



