फ़्रांस में शिक्षा व्यवस्था के ख़िलाफ़ प्रदर्शन तेज़, हज़ारों स्कूल बंद

फ़्रांस में स्टूडेंट्स, पैरेंट्स और ट्रेड यूनियन हाई स्कूलों में कम निवेश के विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं.
एक छात्र संगठन का दावा है कि देशभर में दो हज़ार हाई स्कूल बंद हो गए हैं और लगभग सभी विश्वविद्यालयों में आंदोलन चल रहा है.
वहीं, फ़्रांस की सरकार का कहना है कि 891 स्कूलों में कक्षाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित की गई हैं.
स्ट्रासबर्ग में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, लियोन में प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स में आग लगा दी, जबकि रेनेस में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया.
पेरिस में एक 17 वर्षीय छात्रा ने कहा, हम 35 स्टूडेंट्स वाली भरी हुई कक्षाओं में पढ़ते हैं. हम कई मुद्दों पर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब भी लगता है कि हमारी आवाज़ नहीं सुनी जा रही है.
मार्सेई से बीबीसी संवाददाता मार्क लोवेन की रिपोर्ट के अनुसार, बढ़ते सार्वजनिक खर्च पर नियंत्रण की कोशिश कर रही सरकार के लिए प्रदर्शनकारियों की मांगों को पूरा करना आसान नहीं होगा.
पिछले एक सप्ताह में स्टूडेंट्स ने सैकड़ों स्कूलों को बंद कराया है. इन प्रदर्शनों में कम से कम 215 लोग घायल हुए हैं और पांच हज़ार से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.(bbc.com/hindi)
