केएफसी, अग्रवाल मिठाईवाला सहित तीन प्रतिष्ठानों में दबिश

श्रीअन्नपूर्णा एग्रो का लाइसेंस 3 दिनों के लिए निलंबित
रायपुर, 31 अक्टूबर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात रायपुर शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित केएफसी (KFC) से राइस बॉल का नमूना लिया। वहीं न्यू राजेंद्र नगर स्थित मेसर्स अग्रवाल मिठाईवाला से पूजा पेड़ा एवं डोडा बर्फी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त भनपुरी स्थित औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक 45 में संचालित श्री अन्नपूर्णा एग्रो का निरीक्षण किया गया। यहां से फरसाण फ्लोर का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में बेसन तथा फरसाण फ्लोर का निर्माण किया जाना पाया गया। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए विभाग द्वारा प्रतिष्ठान की खाद्य अनुज्ञप्ति तीन दिनों के लिए निलंबित कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



