यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तो लागू करेंगे यूसीसी: अमित शाह

-प्रेरणा
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह घोषणा की है.
उन्होंने कहा कि कई राज्यों में यूसीसी लागू हो चुका है और उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी की सरकार बनने पर इसे लागू किया जाएगा.
अमित शाह 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी संगठन की रणनीति पर मंथन के लिए लखनऊ पहुंचे हैं. वह बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए.
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं.
अपने संबोधन में अमित शाह ने बीजेपी के पुराने चुनावी प्रदर्शन का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि एक समय पार्टी के उत्तर प्रदेश में केवल 44 विधायक थे, लेकिन संगठन मजबूत होने के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 41 फीसदी वोट के साथ 73 सीटें जीतीं.
वहीं, नोटबंदी के बावजूद 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को करीब 40 फ़ीसदी वोट और 312 सीटें मिली थीं.
अमित शाह के इस बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी. इस बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, बड़ी देर कर दी मेहरबाँ आते-आते.(bbc.com/hindi)



