सारंग एयर शो की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा और यातायात पर जोर

कलेक्टर ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के दिए निर्देश
रायपुर, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो की तैयारियों की कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समीक्षा की। कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के प्रवेश और आवागमन, पार्किंग, परिवहन तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर चर्चा हुई। ड्रॉप जोन की लेबलिंग, पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति, मोबाइल टॉयलेट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अतिथियों के आगमन और स्वागत के साथ एयर शो के प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान आम नागरिकों और दर्शकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिस्वरंजन, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा स्वास्थ्य, परिवहन, लोक निर्माण विभाग और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित थे।


