मासिक व्यापार बैठक में उद्यमियों को एक मंच पर लाने के युवा कैट का प्रयास सराहनीय-श्रीवास्तव

नान अध्यक्ष ने साझे विचार, किया मार्गदर्शित
रायपुर, 7 अक्टूबर। युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष श्री कांती पटेल, प्रदेश महामंत्री श्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि युवा कैट छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित मासिक व्यापार बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
युवा कैट ने बताया कि इस अवसर पर उन्होंने युवा कैट के पदाधिकारियों एवं उपस्थित व्यापारियों के साथ संवाद किया तथा व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार और मार्गदर्शन साझा किया। संगठन की मासिक व्यापार बैठक का उद्देश्य व्यापारियों को एक-दूसरे से जोडऩा, नए व्यावसायिक संबंध विकसित करना, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा व्यापार के नए अवसरों की संभावनाओं पर चर्चा करना है। इसके साथ ही व्यापारियों को प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी प्रदान किया जाता है।
व्यापार बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने अपना व्यवसाय परिचय एवं प्रोफाइल प्रस्तुत किया, जिससे सभी प्रतिभागियों को एक-दूसरे के व्यवसाय, सेवाओं एवं कार्यक्षेत्र को समझने का अवसर मिला। इस दौरान व्यापारिक संपर्क, आपसी सहयोग, अनुशंसा एवं नए व्यावसायिक संपर्क विकसित करने को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
मुख्य अतिथि श्री संजय श्रीवास्तव ने उपस्थित व्यापारियों एवं युवा उद्यमियों से संवाद करते हुए व्यवसाय में निरंतर सीखने, आपसी सहयोग और बेहतर संबंधों के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने युवा कैट द्वारा पिछले तीन वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही व्यापार बैठक की पहल की सराहना की तथा व्यापारियों और युवा उद्यमियों को एक मंच पर लाने के प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।
