छत्तीसगढ़

रनवे में खराबी से तीन विमानों का रूट बदला, तीन घंटे बाद रायपुर में लैंडिंग

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 13 अक्टूबर। माना एयरपोर्ट के रनवे में मंगलवार को तकनीकी खराबी आने के कारण दिल्ली, कोलकाता और इंदौर से आने वाली तीन उड़ानें रायपुर में नहीं उतर सकीं। तीनों उड़ानों का मार्ग बदलकर दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ना पड़ा। खराबी दूर होने के बाद करीब तीन घंटे की देरी से इन उड़ानों की रायपुर में लैंडिंग हो सकी।

दिल्ली से आने वाली उड़ान में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा सहित कई विधायक सवार थे। तकनीकी समस्या के कारण विमान रायपुर में नहीं उतर सका और उसे नागपुर डायवर्ट कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक रनवे में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया गया। रात करीब साढ़े आठ बजे तक समस्या ठीक होने के बाद तीनों उड़ानों की रायपुर में लैंडिंग का रास्ता साफ हुआ। दिल्ली से आने वाली उड़ान ने रात करीब साढ़े नौ बजे माना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इसके बाद टीएस सिंहदेव और कांग्रेस विधायक रायपुर पहुंच सके।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button