छत्तीसगढ़

कोनी में 1,440 करोड़ रुपये से बनेगा नया सिम्स परिसर, मेडिकल शिक्षा और इलाज का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी

एक ही परिसर में मेडिकल कॉलेज, हॉस्टल, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी कॉलेज की योजना

50 करोड़ से बनेगा हॉस्टल, कैंसर अस्पताल का निर्माण अंतिम चरण में

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 10 अक्टूबर। बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए नया एकीकृत सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) परिसर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 1,440 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परिसर में मेडिकल कॉलेज की नई इमारत के साथ हॉस्टल, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज भी बनाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को कोनी स्थित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव स्मृति सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तथा प्रस्तावित सिम्स परिसर की जगह का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और इलाज की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों के साथ नए सिम्स परिसर के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि परिसर में हॉस्टल निर्माण पर 50 करोड़ खर्च किए जाएंगे। मेडिकल शिक्षा से जुड़े अलग-अलग संस्थानों और उपचार सुविधाओं को एक जगह विकसित करने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा मिलेगा और क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा।

100 करोड़ का आयुर्वेद कॉलेज, कैंसर अस्पताल का काम अंतिम चरण में

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि सेंदरी स्थित 100 बिस्तरों वाले मानसिक चिकित्सालय की क्षमता बढ़ाकर 200 बिस्तर कर दी गई है। कोनी क्षेत्र में 100 करोड़ की लागत से आयुर्वेद कॉलेज का निर्माण भी किया जा रहा है। इसी परिसर में बन रहे कैंसर अस्पताल का काम अंतिम चरण में है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिलासपुर के साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर इलाज की सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। चिकित्सा शिक्षा के संस्थान एक ही क्षेत्र में विकसित होने से कोनी को मेडिकल हब के रूप में तैयार करने की योजना है।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि कोनी में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा। नए सिम्स परिसर से विद्यार्थियों, मरीजों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का निर्माण तय समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सिम्स का बिलासपुर के लोगों से भावनात्मक जुड़ाव है। सरकार संस्थान के विकास और सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देगी। नए परिसर में मेडिकल विद्यार्थियों को अध्ययन और प्रशिक्षण के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना है।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश कुमार अग्रवाल, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त संजीव झा, सिम्स के डीन डॉ. रमनेश मूर्ति, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. बीपी सिंह और डॉ. भूपेंद्र कश्यप सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button