प्रदूषण पर संजय सिंह बोले- ‘हम ऐसे विश्वगुरु बने कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 99 भारत के हैं’

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने कहा कि निजी वेबसाइटों के आंकड़ों और अलग-अलग लोगों की ओर से की गई निगरानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर ख़तरनाक सीमा से कई गुना ज़्यादा पाया गया है.
संजय सिंह ने एएनआई से बात करते हुए कहा, यह सिर्फ़ दिल्ली के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की छवि के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है.
संजय सिंह ने एक्यूआई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा.
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री का दावा है कि वह हर 24 घंटे में 36 घंटे काम करते हैं. लेकिन 12 साल में उन्होंने भारत को इस स्थिति में पहुंचा दिया है. हम ऐसे विश्वगुरु बन गए हैं कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 99 भारत में हैं. इसके बावजूद किसी को शर्मिंदगी महसूस नहीं हो रही है
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसका नेतृत्व अपनी नाकामियों और प्रदूषण के अपराध को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं.
कपिल मिश्रा ने क्या कहा?
इससे पहले दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में पराली जलाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, कल शाम से हमें पंजाब के किसानों के फ़ोन आने लगे. उन्होंने बताया कि रात के समय खेतों में आग लगाई जा रही है. जब किसान अपने घरों में दिवाली मना रहे होते हैं, तब कुछ लोग उनके खेतों में आग लगाकर भाग जाते हैं.
पहले तो हमें इस बात पर यक़ीन नहीं हुआ. हमने सच्चाई का पता लगाने का फ़ैसला किया. इसके लिए हमने पराली जलाने से जुड़े उन आंकड़ों की मांग की, जो भारत सरकार को सैटेलाइट के ज़रिए मिलते हैं. आंकड़ों से साबित होता है कि यह पहले से सोची-समझी साज़िश थी और पंजाब में खेतों में आग लगाई गई.
कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के फ़ोन की जांच करने की मांग भी की.
कपिल मिश्रा के आरोपों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा, पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 90 फ़ीसदी की कमी आई है. यह मैं नहीं कह रहा, आंकड़े ख़ुद इसकी गवाही देते हैं. जब हमारी सरकार सत्ता में आई थी, तब हर साल पराली जलाने की 71 हज़ार घटनाएं होती थीं.
2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से इन घटनाओं में लगातार कमी आई है. अब इनकी संख्या घटकर सिर्फ़ 3,500 से 4,000 रह गई है.(bbc.com/hindi)


