धमतरी में ‘निदान-03’ शिविर: दो दिन में 632 दिव्यांगजन पहुंचे, मिले सहायक उपकरण
ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और कृत्रिम अंग की सुविधा; प्रमाण पत्र व यूडीआईडी कार्ड भी बनाए गए
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी जिले में आयोजित तीन दिवसीय ‘निदान-03’ विशेष शिविर दिव्यांगजनों के लिए मददगार साबित हो रहा है।
जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त आयोजन में शुरुआती दो दिनों में 632 दिव्यांगजन शामिल हुए। शिविर में पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग और शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही जगह उपलब्ध कराया गया।
8 अक्टूबर को नगरी विकासखंड के श्रृंगी ऋषि हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर में 172 दिव्यांगजन पहुंचे। यहां पात्र हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक और वॉकर वितरित किए गए। नौ दिव्यांगजनों के कृत्रिम हाथ-पैर तैयार करने के लिए माप लिया गया। इसके अलावा 18 दिव्यांगता प्रमाण पत्र और 44 यूडीआईडी कार्ड भी दिए गए।
धमतरी में 359 हितग्राहियों को मिली सुविधा
10 अक्टूबर को धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिविर में 460 दिव्यांगजन पहुंचे। इनमें से 359 हितग्राहियों को विभिन्न उपकरणों और सुविधाओं का लाभ दिया गया। छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया और महापौर रामू रोहरा की मौजूदगी में कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, स्मार्ट केन, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और वॉकर बांटे गए।
शिविर में बस पास, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और एम-आधार कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इससे हितग्राहियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
योजनाओं की जानकारी भी दी गई
विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनसंपर्क विभाग ने छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई और ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ पत्रिका का निःशुल्क वितरण किया। अंतिम दिन भी पंजीयन, परीक्षण और कृत्रिम अंगों के माप की सुविधा जारी रही, ताकि जरूरतमंद दिव्यांगजन योजना का लाभ ले सकें।
