छत्तीसगढ़

बेमेतरा में सनसनीखेज हत्या: घूरकर देखने और अंधविश्वास के चलते युवक ने टंगिया से किया हमला, सिर और चेहरे पर कई वार कर उतारा मौत के घाट

बेमेतरा, 14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परपोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारपुर में एक युवक ने कथित तौर पर घूरकर देखने की बात और व्यक्तिगत अंधविश्वास के चलते आवेश में आकर एक व्यक्ति की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने मृतक के सिर और चेहरे पर कई बार वार किए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की सूचना देने वाले युवक को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम बंजारपुर निवासी चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश पटेल (20 वर्ष) थाना परपोड़ी पहुंचा और गांव के बलराम पटेल की हत्या होने की सूचना दी। उसने बताया कि श्मशान घाट के पास नहर किनारे भाठा क्षेत्र में बलराम पटेल की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम चंदू को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां बलराम पटेल का शव बरामद हुआ।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना देने वाले चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश पटेल पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतक बलराम पटेल द्वारा उसे घूरकर देखने की बात और व्यक्तिगत अंधविश्वास के कारण वह आवेश में आ गया था। इसी दौरान उसने धारदार टंगिया से बलराम पटेल के सिर और चेहरे पर कई बार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई टंगिया सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश पटेल, पिता सुकालू पटेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बंजारपुर, थाना परपोड़ी, जिला बेमेतरा को 14 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया।

इस मामले में SP त्रिलोक बंसल के निर्देशन और अतिरिक्त SP डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा, निरीक्षक अजय सोनकर और TI परपोड़ी प्रशिक्षु उप निरीक्षक विजयेन्द्र कुमार कश्यप पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे थे।

पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक पुरुषोत्तम कुलार्य, प्रधान आरक्षक येमन बघेल, प्रकाश सिंह राजपूत, ललित केरकेट्टा, आरक्षक रमेश चंद्रवंशी, पीयूष सिंह, दीपक ठाकुर, दीपक सिंह, प्रमोद पांडेय सहित परपोड़ी थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button