ज्ञान का आदान-प्रदान, शोध निष्कर्षों को प्रस्तुत करना और डिजिटल भविष्य निर्माण

कलिंगा में एआई और साइबर सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
रायपुर, 30 अक्टूबर। कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर ने बताया कि 27 एवं 28 अक्टूबर, 2026 को डिजिटल इंटेलिजेंस: सतत भविष्य के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा एवं कंप्यूटिंग (आईसीडीआईएसीएस-2026) विषय पर तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कंप्यूटर विज्ञान विभाग एवं सूचना प्रौद्योगिकी संकाय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के पेशेवरों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सम्मेलन का उद्देश्य ज्ञान का आदान-प्रदान करना, शोध निष्कर्षों को प्रस्तुत करना तथा सतत डिजिटल भविष्य के निर्माण हेतु उभरती हुई तकनीकी नवाचारों की संभावनाओं का अन्वेषण करना था।
कलिंगा ने बताया कि सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) तथा सतत कंप्यूटिंग सहित समकालीन एवं उभरते तकनीकी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। सम्मेलन के दौरान हुई चर्चाओं में वैश्विक चुनौतियों के समाधान, डिजिटल सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा सतत तकनीकी विकास को प्रोत्साहित करने में उन्नत प्रौद्योगिकियों की परिवर्तनकारी भूमिका को रेखांकित किया गया।



