छत्तीसगढ़

अंधेरे में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौके पर मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 26 नवंबर। रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर अंधेरे में खड़ा ट्रक एक बाइक सवार युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बुधवार शाम भरारी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे दो युवक बाइक से रतनपुर की ओर से बिलासपुर जा रहे थे। भरारी के पास मुख्य सड़क पर अंधेरे में एक ट्रक खड़ा था। ट्रक के खराब होने की सूचना पर नेशनल हाईवे की टीम ने मौके पर बैरिकेडिंग की थी और एक कर्मचारी भी तैनात था।

इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क से गुजर रहे एक भारी वाहन और खड़े ट्रक के बीच से निकलने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के पीछे लगा लोहे का एंगल तक मुड़ गया।

हादसे में बाइक चालक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे युवक को भी गंभीर चोटें आईं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान मुंगेली जिले के धोतमा गांव निवासी विकास साहू के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में सिम्स रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक खराब होने के कारण हाईवे कर्मचारियों ने बैरिकेडिंग की थी। अंधेरे में तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार दो वाहनों के बीच से निकलने की कोशिश में ट्रक से टकरा गए। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button