छत्तीसगढ़

बेखौफ बदमाशों का आतंक, लाइनमैन और दोस्तों को चाकू दिखाकर लूटा

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 3 नवंबर। बांकीमोंगरा इलाके में रविवार रात करीब 11 बजे गंगानगर बाजार के पास आठ बदमाशों ने एक लाइनमैन और उसके दो दोस्तों को घेरकर मारपीट की। चाकू दिखाकर तीनों के मोबाइल फोन और नकदी लूटकर आरोपी फरार हो गए।

मड़वाढोढ़ा, बांकीमोंगरा निवासी लाइनमैन गणेश पाल कंवर अपने दोस्तों ज्योतिष कुमार और सुरेंद्र पाल के साथ खोड़री गांव में एक रिश्तेदार के घर गए थे। रात में खाना खाने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानगर बाजार के पास बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने तीनों के साथ हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडों से मारपीट की। इसी दौरान एक बदमाश ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाया। बदमाश तीनों के मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद लूटकर भाग निकले।

घटना के दौरान गणेश पाल ने दो आरोपियों की पहचान कर ली। इनमें स्थानीय निवासी निशांत प्रसाद केंवट और शिवा बिंझवार शामिल हैं। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की। पुलिस ने लूट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बांकीमोंगरा क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में अपराधियों ने लगातार वारदातों को अंजाम दिया है। इससे पहले घुरदेवा खदान में धर्म सिंह राजपूत के नेतृत्व वाले गिरोह ने सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर कबाड़ और केबल चोरी की थी। इसी तरह जून महीने में एएसआई के बेटे को वाहन से कुचलकर भागे बदमाशों का पीछा करने वाले अरविंद राठौर पर हमला किया गया था। सितंबर में चोरी की सूचना देने के संदेह में एक व्यक्ति की जान लेने की कोशिश की गई। अक्टूबर में मामूली विवाद पर चाकूबाजी की घटना हो चुकी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button