छत्तीसगढ़

घेरा थाना तो पुलिस ने पकड़े बिजली अफसर पर हमला करने के 7 आरोपी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 3 नवंबर। बिजली विभाग के डिवीजनल इंजीनियर मिलिंद पांडेय पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार को हिर्री थाना घेर लिया। करीब साढ़े चार घंटे तक पुलिस थाने में डटे रहे बिजली विभाग के कर्मचारियों के दबाव के बाद पुलिस ने कुरेली गांव के सात युवकों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।

कुरेली सब स्टेशन में पदस्थ ऑपरेटर अमन साहू की ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में नाराजगी फैल गई। इसी दौरान कुछ लोगों पर शासकीय काम में बाधा डालने, अशांति फैलाने और डिवीजन-2 के इंजीनियर मिलिंद पांडेय के साथ मारपीट करने का आरोप लगा।

इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया था, लेकिन 36 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस का कहना था कि आरोपी फरार हैं।

गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज बिजली विभाग के अधिकारी सोमवार को हिर्री थाने पहुंच गए। दोपहर 12:30 बजे से शाम 5 बजे तक अधिकारी और कर्मचारी थाने में ही डटे रहे। आखिरकार पुलिस को सात आरोपियों को पकड़ना पड़ा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुरेली निवासी दीपक कौशिक (27), शुभम कौशिक (27), सत्यम कौशिक (30), उमाशंकर कौशिक (28), आयुष कौशिक (24), ओमप्रकाश कौशिक (32) और ललित कुमार कौशिक (24) शामिल हैं।

थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा के मुताबिक घटना के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान डिवीजनल इंजीनियर के साथ झूमाझटकी और मारपीट हुई थी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घटना के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि दूसरे आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। प्रदर्शन में अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े, कार्यपालन अभियंता अनुपम सरकार, एसके जायसवाल, बीबी नेताम, एसके चंद्रा, पीवीएस राजकुमार सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button