ताजा खबर

धान खरीदी व्यवस्था पर कलेक्टर की पैनी नजर, चार उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण,किसानों से सीधा संवाद कर जानी समस्याएं, नमी-गुणवत्ता और बारदानों की उपलब्धता पर दिए निर्देश।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मरवाही विकासखंड के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों एवं अंतरराज्यीय जांच चौकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चार धान उपार्जन केंद्रों का जायजा लेकर किसानों से सीधे संवाद किया तथा खरीदी व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।कलेक्टर ने करगीकला, मरवाही, तेंदूमूड़ा एवं परासी धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर टोकन व्यवस्था, किसानों की पंजीकृत संख्या, जारी टोकन, धान की आवक, नमी एवं गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर धान विक्रय के दौरान आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाए। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही नए एवं पीडीएस से प्राप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण और उचित रखरखाव के निर्देश भी दिए।

अंतरराज्यीय सीमाओं पर अवैध धान परिवहन रोकने सख्ती

धान के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर ने बरौर, चंगेरी एवं मालाडांड स्थित अंतरराज्यीय जांच चौकियों का भी निरीक्षण किया। बरौर चेक पोस्ट पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने तैनात अधिकारी-कर्मचारियों से निगरानी एवं जांच प्रक्रिया की जानकारी ली।इस दौरान एसडीएम मरवाही एवं तहसीलदार को अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरतने तथा धान परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, किसानों की सुविधा और अवैध धान परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button