छत्तीसगढ़

ढाई घंटे में बच्चे को बरामद कर पुलिस ने बर्थडे भी मनाया

पिता, मां से छीन कर ले गया था, एफआईआर दर्ज

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 4नवंबर । एक वर्षीय अपहृत बालक को थाना पंडरी पुलिस ने महज ढाई घंटों में सकुशल बरामद कर मां के सुपुर्द कर थाने में बर्थडे भी मनाया । पत्नी से विवादों के चलते बच्चे को पिता ही ले भागा था।
प्रिया पाण्डेय, 26 व का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुआ था। उनका एक वर्षीय पुत्र है। आपसी पारिवारिक विवाद के चलते पिछले लगभग 7-8 माह से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

मंगलवार को सुबह लगभग 11:00 बजे लाकेश सिंह बंजारे, प्रिया के दलदल सिवनी स्थित मकान पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान लाकेश ने अश्लील गाली-गलौज हाथ-मुक्के से मारपीट की जिससे प्रिया को चोटें आईं। लाकेश द्वारा बच्चे को शाम लगभग 5 बजे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास किए जाने पर पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा।
बाद में जब प्रिया थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची, उसी दौरान शाम लगभग 6 बजे उसका लाकेश सिंह बंजारे उसके एक वर्षीय पुत्र एवं प्रिया का मोबाइल फोन जबरदस्ती अपने साथ लेकर चला गया। प्रिया के बच्चे को वापस देने कहने पर भी आरोपी बच्चे को लौटाने को तैयार नहीं था। बच्चे के संबंध में पूछे जाने पर भी वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा था।
प्रिया की रिपोर्ट पर लाकेश सिंह बंजारे, उम्र 28 वर्ष, निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, थाना गोबरा नयापारा, के विरुद्ध धारा 296, 115(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। अबोध बालक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडरी पुलिस ने तत्काल तलाश प्रारंभ की । थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक परेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 2.30 घंटे के भीतर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर उसकी मां से पुनः मिलाया। बच्चे की सकुशल बरामदगी से मां ने राहत की सांस ली।
आज ही बालक का पहला जन्मदिन था। मां से बिछड़े इस नन्हे बालक का जीवन का पहला जन्मदिन पुलिसकर्मियों ने थाना पंडरी में केक काटकर मनाया। पुलिसकर्मियों ने मां बालक के साथ खुशियां साझा कीं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button