छत्तीसगढ़

देश के युवा ही भारत की ताकत हैं, जिनके सामथ्र्य से विकसित राष्ट्र का सपना साकार होगा: संजूदेवी राजपूत

0 देश के लिए युवा विषय पर कमला नेहरू काॅलेज में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित

कोरबा। देश के हमारे जागरुक युवा ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। भारत सरकार के विकसित भारत-2047 का यह लक्ष्य देश के इन्हीं युवाओं के बेहतर कल के लिए निर्धारित किया गया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन ऊर्जावान युवाओं के सामर्थ्य से ही विकासशील भारत को विकसित राष्ट्र में बदलने का यह सुनहरा सपना साकार होगा। इसलिए सर्वप्रथम आप सभी स्वयं जागृत-जागरुक बनें और अपने परिवार, मित्रों, आस-पास के लोगों को भी सतत जागरुक करते रहें।

यह बातें सोमवार को कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में लोकतंत्र के लिए युवा विषय पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए नगर निगम कोरबा की महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहीं। महाविद्यालय के बीएड सभागार में सुबह 11.30 बजे से दोपहर 2 बजे के मध्य आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विधि-परंपरा के अनुरूप सर्वप्रथम भारत के राष्ट्रगीत, छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, माय भारत कार्यक्रम की जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा एवं प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर मंच पर उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने दिया। गुरुघासी दास केंद्रीय विश्वविद्यालय से आए युवा छात्र गगन शर्मा ने पीपीटी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से एसआईआर के संबंध में अहम जानकारियां साझा की। बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा नीलिमा पांडेय समेत अन्य ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। मंच संचालन का दायित्व अंग्रेजी विभागाध्यक्ष ब्रिजेश तिवारी एवं आभार प्रदर्शन एनएसएस जिला संगठक वायके तिवारी ने किया। इस अवसर पर काॅलेज के प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महापौर संजूदेवी राजपूत ने सभी को लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने एवं विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में योगदान देने की शपथ दिलाई।

पूरा विश्व भारत की युवा आबादी को देख भयभीत है: किशोर शर्मा

कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कहा कि आंदोलन करना, प्रदर्शन कर अव्यवस्था फैलाना लोकतंत्र नहीं है। अब्राहम लिंकन के शब्दों में समझें तो जनता के लिए जनता के द्वारा चुनी गई सरकार, लोकतंत्र कहा जाता है। आज पूरा विश्व भारत की युवा आबादी को देखकर भयभीत है। इसलिए देश के युवा अपनी ताकत और अधिकारों की पहचान करें। उचित-अनुचित की परख करना सीखें और अपनी ऊर्जा सही जगह पर लगाएं, यह उनका दायित्व है। देश के 95 करोड़ युवाओं को मनोवैज्ञानिक और वैचारिक रूप से परिपक्व बनाकर भारत की कमान उनके हाथों में सौंपने की जिम्मेदारी हमारी है।

युवा आंदोलन नहीं, विकसित भारत का लक्ष्य चाहता है: भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी

कार्यक्रम के मुख्य विषय पर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता रहा भाजपा जिलाध्यक्ष एवं कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के सादस्य गोपाल मोदी ने कहा कि भारत इस विश्व का सबसे वृहद प्रजातांत्रिक देश है। ऐसे में भारत की युवा शक्ति का आंकलन स्पष्ट रूप से किया जा सकता है। युवा भावना को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का युवा आंदोलन नहीं, विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना चाहता है और मुझे हर्ष एवं गर्व की अनुभूति हो रही है कि हमारा देश पूरी रफ्तार के साथ विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है।

युवा न सिर्फ देश का भविष्य हैं, वर्तमान का सबसे मजबूत स्तंभ भी है: प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर

स्वागत उद्बोधन देते हुए प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कहा कि आपका वोट आपकी आवाज है। इस विषय पर आपको यहां महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आज का युवा न केवल देश का भविष्य है, बल्कि वर्तमान का सबसे मजबूत स्तंभ भी है। युवाओं को अपनी आंतरिक क्षमता और अधिकारों को पहचानना होगा, तभी हम एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को अपने अधिकार और सामर्थ्य की पहचान कर लोकतंत्र की मजबूत नींव के निर्माण एवं विकसित भारत -2047 के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान अर्पित करने का आह्वान किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button