जाम से निपटने मोतीपुर से गौरीनगर को जोड़ने बन रही तीन किमी लंबी सड़क
राजनांदगांव: चिखली ओवरब्रिज में दोपहिया वाहनों के अलावा अन्य वाहनों पर प्रतिबंध के बाद शहर की अंदरुनी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वाहनों का दबाव ममता नगर अंडरब्रिज पर बढ़ रहा है। इससे निपटने नई कार्ययोजना के तहत एक वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार से निगम ने इस पर काम शुरु कर दिया है। गौरीनगर, चिखली ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए ममता नगर तक आने वाले रास्ते को दुरुस्त किया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह इस रास्ते पर जेसीबी उतारी गई और खोदाई, समतलीकरण, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरु हुई।
मोतीपुर से गौरीनगर तक के इस वैकल्पिक मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। मोतीपुर रेलवे फाटक के पास सब्जी पसरा लगाने वालों को एक किनारे मार्किंग कर जगह दी गई है। दोनों ओर अतिक्रमण हटाने का कार्य भी जारी है ताकि चार पहिया वाहन भी इस मार्ग से आसानी से गुजर सके। कुछ हिस्से में सड़क के दोनों ओर डेढ़ मीटर कांक्रीटीकरण किया जाएगा। जबकि बाकी हिस्से में पेवर ब्लाक लगाए जाएंगे। रामनगर वाले हिस्से में सड़क की मरम्मत की जाएगी। गड्ढों को भरने और समतलीकरण का कार्य शुरु किया जाएगा। गौरीनगर क्रासिंग से लेकर स्टेशनपारा के बीच भी रास्ते का निरीक्षण किया गया है।
निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने बताया कि निगम के पास उपलब्ध मानवबल और मशीनों के संसाधन का उपयोग कर रास्ता तैयार किया जा रहा है। शहर के भीतर अलग-अलग डायवर्जन के चलते वैकल्पिक रास्ते की जरुरत है। चिखली ओवरब्रिज में बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहने तक इस मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा। बता दें कि महापौर मधुसूदन यादव ने गुरुवार को ही यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद इस वैकल्पिक रास्ते को तैयार करने के निर्देश दिए थे।
पूरा अमला तैनात, युद्ध स्तर पर काम
नए वैकल्पिक रास्ते के चौड़ीकरण, समतलीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश हैं। इसके चलते पूरा निगम अमला यहां तैनात है। दिनभर अभियंता व अन्य अधिकारी यहां मौजूद रहकर कार्य करवा रहे हैं। सड़क तक बने चबूतरे हटाने के दौरान भी अधिकारियों को मुस्तैद रहने कहा गया है। पसरा व्यापारियों के व्वस्थापन की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को दी गई है।
पसरा को लेकर होता रहा विवाद
निगम ने मोतीपुर रेलवे फाटके पास पसरा व्यापारियों की प्रत्येक दुकान के लिए छह फीट लंबी चौड़ी मार्किंग की है। बावजूद इसके सब्जी व्यवसायी इसे नाकाफी बताते हुए दो दो पसरा की जगहों पर दुकानें लगाने अड़े रहे। इसे लेकर पूरे दिन वाद-विवाद की स्थिति बनती रही। आखिर में सब्जी व्यापारियों ने आपसी समझौते से व्यस्था बनाई। यहां तकरीबन तीन दर्जन पसरा लगाए जाते हैं।

