ताजा खबर

पंचमी पर आज मां बम्लेश्वरी से होगी आंगादेव की भेंट माता के लिए लाएंगे श्रृंगार और भोग

राजनांदगांव: नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर मां बम्लेश्वरी देवी और आंगादेव की पारंपरिक भेंट गुरुवार को पंचमी के अवसर पर होगी। इस विशेष आयोजन में बस्तर से आंगादेव माता के दरबार पहुंचेंगे और उन्हें श्रृंगार सामग्री एवं भोग अर्पित करेंगे। ओडारबांध महासभा की तहसील इकाई की ओर से नवरात्र शुरू होने से करीब पखवाड़े भर पहले बस्तर के आंगादेव को इस पारंपरिक आयोजन के लिए आमंत्रित किया गया था। आयोजन को लेकर आदिवासी समाज में उत्साह है। रमेश उईके ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम में 10 आंगादेव शामिल होंगे।

 संध्या आरती के बाद पहुंचेगा आंगादेव दल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को पंचमी के अवसर पर संध्या आरती के पश्चात आंगादेव माता के दरबार पहुंचेंगे। पहाड़ की तलहटी में स्थित मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में आंगादेव माता को श्रृंगार सामग्री और भोग भेंट करेंगे। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया जाएगा। मां बम्लेश्वरी देवी और आंगादेव की भेंट नवरात्रि के धार्मिक आयोजनों में विशेष महत्व रखती है। यह आयोजन आदिवासी समाज की परंपराओं और माता के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है।

 देवी मंदिरों में सजेगा मां का दरबार, विशेष श्रृंगार के साथ होगी पूजा-अर्चना

शारदीय नवरात्र पर्व के पंचमी अवसर पर गुरुवार को शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान मां शीतला मंदिर, मां पाताल भैरवी मंदिर, मां महामाया मंदिर, दुर्गा मंदिर और काली माई मंदिर में विधि-विधान से पूजा कर माता का मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। नवरात्र के पांचवें दिन देवी दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नवरात्र पर्व के दौरान शहर के देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पंचमी के अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। माता के श्रृंगार और आरती के दौरान भक्त देवी आराधना में शामिल होंगे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button