छत्तीसगढ़

PM श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 गोपालपुर में दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता आयोजित, टैगोर सदन ने जीती चैंपियन ट्रॉफी

कोरबा, 6 नवंबर 2026। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 गोपालपुर, कोरबा में दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टैगोर सदन ने चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी कोरबा के प्राचार्य एसके साहू थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसके साहू एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 गोपालपुर के प्राचार्य बीएस अहीरे ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य बीएस अहीरे ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया, जबकि वरिष्ठ शिक्षक जीआर जांगड़े ने प्राचार्य का आत्मीय अभिनंदन किया।

इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न सदनों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। स्वागत भाषण में प्राचार्य बीएस अहीरे ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि एसके साहू ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यालय की आत्मा होते हैं। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा डिस्कस थ्रो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। दौड़ एवं रिले रेस में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल शिक्षक साहिल चौधरी एवं संजीव कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर जीआर जांगड़े, एस्थर कुमार, रोशन लकड़ा, एसके विश्वकर्मा, दिनेश प्रजापति, रविकांत यादव, विवेक कुमार, भुनेश्वरी राठौर, ख्याति पाठक, रितु, चंचल, मानसी, अंजलि, किरण साहू, आशा सोनी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का समापन हुआ।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button