गरबा के कपड़ों में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा चीज दिखाने का वीडियो वायरल, नौ गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 9 अक्टूबर। गरबा की पोशाक में सिगरेट पीने और पिस्टल जैसी वस्तु दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर गरबा टिकटों तथा मेकअप सेवाओं के प्रचार के लिए बनाया और प्रसारित किया गया था।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में कहा गया कि वीडियो में एक युवती और उसके साथ मौजूद युवक-युवतियां गरबा की पोशाक में सिगरेट पीते और पिस्टलनुमा वस्तु हाथ में लिए दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ता ने इस तरह के प्रदर्शन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे सामाजिक माहौल और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है।
शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026 दर्ज किया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 299 और 3(5) लगाई गई हैं। पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस सभी के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी कर रही है। इसके तहत उनसे बड़ी रकम के बांड भरवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
बिलासपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री डालने और धार्मिक प्रतीकों या सांस्कृतिक परंपराओं का ऐसा इस्तेमाल करने से बचने की चेतावनी दी है, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किए आपत्तिजनक सामग्री आगे न भेजें।



