दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को लेकर क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों को खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि हिरासत में होने की वजह से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) संस्थापक अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी नहीं दी गई.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अभिजीत दीपके की दादी के निधन की सूचना उन्हें तुरंत और पूरी संवेदनशीलता के साथ दे दी गई थी.
पुलिस ने यह भी कहा कि उन्हें अंतिम संस्कार के तय समय की जानकारी दी गई थी.
पुलिस के बयान के अनुसार, मानवीय आधार पर अभिजीत दीपके को उनके गृह नगर जाने में मदद के लिए हरसंभव सहायता की पेशकश भी की गई है.
अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का 85 साल की उम्र में शनिवार को निधन हो गया.
वो काफ़ी समय से बीमार चल रही थीं. उनका निधन हिंगोली ज़िले में स्थित उनके पैतृक गांव संतुक पिंपरी में हुआ.
शनिवार शाम सीजेपी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, अभिजीत दीपके की दादी का निधन हो गया है, लेकिन उनके परिवार को इस दुखद खबर की जानकारी उन्हें देने नहीं दी जा रही है.
सीजेपी ने अभिजीत दीपके को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की है.(bbc.com/hindi)



