टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात के बाद क्या बोले महाराष्ट्र डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे

अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने रविवार देर रात उनसे मुलाक़ात की है.
एकनाथ शिंदे ने इसे गंभीर घटना बताते हुए कहा कि राज्य सरकार टाइगर श्रॉफ़ के साथ खड़ी है.
एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, टाइगर श्रॉफ़ पर गोलीबारी होना एक गंभीर घटना है. वो इस हमले में बाल-बाल बचे हैं. पांच राउंड फ़ायरिंग हुई, लेकिन ग़नीमत रही कि वे सुरक्षित बच गए. उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं, और यह घटना निंदनीय है. मैंने अभिनेता से मुलाक़ात की, उनसे बातचीत हुई. उनके बाएं हाथ पर गन पाउडर और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं.
उन्होंने बताया, टाइगर और उनकी मां दोनों ही काफ़ी सदमे में हैं. मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार और मुंबई पुलिस उनके साथ है. किसी भी तरह की धमकी या दादागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 90 के दशक में इस तरह की गैंगवार काफ़ी आम थीं, लेकिन मुंबई पुलिस ने 1995 में इनका ख़ात्मा कर दिया था. गोली का जवाब गोली से दिया, तब यह गैंगवार ख़त्म हुआ.
शिंदे ने कहा, लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. जैसे को तैसा जवाब मिलेगा. हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह ख़त्म कर देंगे.
इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टियों ने राज्य की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं.(bbc.com/hindi)

