दिव्यांगों को प्रतिभा और रचनात्मकता का मंच देगा वाईआई दिव्य उत्सव 4.0

खुद बनाए उत्पादों के स्टॉल लगाएंगे 350+ बच्चे
रायपुर, 17 अक्टूबर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अभिन्न अंग यंग इंडियंस (वाईआई), रायपुर ने बताया कि ओमाया गार्डन, मैजेस्टिक हॉल, रायपुर में दिव्य उत्सव 4.0 का आयोजन किया जा रहा है। वाईआई रायपुर की प्रमुख समावेशी पहल का यह चौथा संस्करण वाईआई सुगम्यता पहल के अंतर्गत साहस जो पीढिय़ों को प्रेरित करे विषय पर आयोजित है। यह उत्सव दिव्यांग बच्चों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता दिखाने का मंच देता है।
वाईआई ने बताया कि साथ ही, यह समाज को दिव्यांगता के बजाय क्षमता को पहचानने का संदेश देता है। रायपुर के सात विद्यालयों के 350 से अधिक दिव्यांग विद्यार्थी उत्सव में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बच्चे सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां देंगे। वे अपने हाथों से बनाए गए उत्पादों के स्टॉल भी लगाएंगे, जिनमें उनका कौशल और उद्यमशीलता दोनों दिखाई देंगे। गायक श्री साहिल अग्रवाल विद्यार्थियों के साथ संगीत का लाइव सत्र भी करेंगे।
वाईआई ने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के दो पैरा एथलीटों का विशेष सम्मान किया जाएगा। दोनों खिलाड़ी बच्चों से संवाद भी करेंगे। अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट सुश्री ईश्वरी निषाद (महिला टी-11 श्रेणी) ने दुबई में आयोजित 2022 विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री की 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। उन्होंने हांगझोऊ, चीन में आयोजित 2023 एशियाई पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2026 की राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 200 मीटर दौड़ में उन्होंने कांस्य पदक प्राप्त किया।
वाईआई ने बताया कि वहीं, श्री कलाराम पटेल (पुरुष टी-13 श्रेणी) ने 2025 की राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में 6.55 मीटर का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2024 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उन्होंने लंबी कूद एवं 100 मीटर दौड़ में दोहरा स्वर्ण पदक जीता। खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 की 100 मीटर दौड़ में उन्हें कांस्य पदक मिला। क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री आलोक अग्रवाल एवं यंग इंडियंस के क्षेत्रीय मार्गदर्शक तथा सुगम्यता विभाग के प्रभारी श्री गौरव अग्रवाल कार्यक्रम में शामिल होंगे। वाईआई रायपुर के अध्यक्ष श्री पंकज सोमानी, सह-अध्यक्ष श्री कवित पसारी एवं वाईआई के सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और मीडिया से बातचीत के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।
वाईआई ने बताया कि दिव्यांगजनों को पांच इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर भी प्रदान करेगी। सुगम्यता के क्षेत्र में वाईआई रायपुर के वर्षभर चलने वाले प्रयासों का हिस्सा है। रोजगार मेले, गतिशीलता के लिए कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण पहल, सक्रिय जीवनशैली सत्र, संग्रहालयों का सुगम्यता सर्वेक्षण और दिव्यांग बच्चों के साथ त्योहार मनाना शामिल हैं।

