छत्तीसगढ़

मौत और मातम से जुड़ी जगहों पर क्यों उमड़ रही है पर्यटकों की भीड़?

डॉयचे वैले पर शिवांगी सक्सेना की रिपोर्ट

घूमने-फिरने का शौक सिर्फ खूबसूरत जगहों और समुद्र किनारों तक सीमित नहीं रह गया है. पर्यटक अब उन जगहों पर भी पहुंच रहे हैं, जहां युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और भयानक हादसों ने तबाही मचाई थी. इसे डार्क टूरिज्म कहते हैं.

जापान के ओकुनोशिमा द्वीप पर कदम रखते ही सैकड़ों सफेद और भूरे खरगोश आपका स्वागत करने दौड़ पड़ते हैं. दुनिया आज इसे रैबिट आइलैंड के नाम से जानती है. यहां जापान की इंपीरियल आर्मी की गोपनीय रासायनिक हथियार फैक्ट्री हुआ करती थी.

कभी जहां जहरीली गैस बनती थी, वहां आज पर्यटक तस्वीरें खिंचवाने पहुंच रहे हैं. 69 साल के पर्यटक ईजी तोमारी समाचार एजेंसी एएफपी से कहते हैं, यह जानकर दुख हुआ कि यहां बनाई गई जहरीली गैस से कई लोगों की मौत हुई थी. इससे मुझे इस द्वीप के दर्दनाक इतिहास का एहसास हुआ. लेकिन खुशी है कि आज यहां खरगोश शांति से रह रहे हैं.

वहीं चीन के हांग्जो शहर में युवा ल्वशिंग डिजास्टर सिमुलेशन ट्रेनिंग सेंटर जाकर तूफान और बाढ़ का अनुभव ले रहे हैं. यह दुनिया में अपनी तरह की पहली ऐसी जगह है. यहां बने एक कमरे में 165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और भारी बारिश कराई जाती है ताकि वे प्राकृतिक आपदाओं में खुद को आजमा सकें. लोग इसके लिए पैसे भी दे रहे हैं. लेकिन क्यों?

दुनिया में अब लोग उन जगहों पर भी घूमने जा रहे हैं, जहां कभी हत्याएं हुई थीं, प्राकृतिक आपदाओं ने तबाही मचाई थी या हजारों लोगों की जान गई थी. पर्यटन की दुनिया में इस बढ़ते चलन को डार्क टूरिज्म कहते हैं.

डार्क टूरिज्म होता क्या है?
डार्क टूरिज्म शब्द पहली बार साल 1996 में स्कॉटलैंड के दो पर्यटन शोधकर्ताओं मैल्कम फोले और जॉन लेनन ने इस्तेमाल किया था. इसी साल ट्रैवल प्लेटफॉर्म ट्रिप एडवाइजर की कंपनी बोकुन ने गूगल के डेटा का विश्लेषण किया और पाया कि भूतिया जगहों और उनसे जुड़े टूर को लेकर लोगों में दिलचस्पी काफी बढ़ी है. पिछले एक साल में गूगल पर हेलोवीन हिस्ट्री टूर की सर्च 415 फीसदी, घोस्ट बस टूर की सर्च 102 फीसदी और घोस्ट वाकिंग टूर की सर्च 53 फीसदी बढ़ गई.

इसके चलते डार्क टूरिज्म के आसपास बड़ा व्यावसायिक बाजार विकसित हो रहा है. मार्केट रिसर्च फर्म ग्रैंड व्यू रिसर्च के मुताबिक, 2023 में वैश्विक डार्क टूरिज्म बाजार का आकार करीब 31.8 अरब डॉलर था. अनुमान है कि 2030 तक यह बढ़कर 38.6 अरब डॉलर हो जाएगा.

डार्क टूरिज्म के लिए कहां जाते हैं पर्यटक?
पर्यटक ईरान, उत्तर कोरिया, यूक्रेन, सुडान और इराक जैसे देशों की यात्रा कर रहे हैं, जो युद्ध, राजनीतिक संघर्ष और अस्थिरता के लिए जाने जाते हैं. अमेरिका में लोग गृहयुद्ध के पुराने युद्धक्षेत्रों, 9/11 हमले से जुड़े पेंटागन मेमोरियल और 1889 की जॉनस्टाउन बाढ़ के स्थल को देखने पहुंच रहे हैं. अमेरिका का लिजी बोर्डेन हाउस भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है. यह घर 1892 में हुए एक चर्चित दोहरे हत्याकांड से जुड़ा है.

मध्य अफ्रीकी देश चाड भी ऐसे यात्रियों के आकर्षण का केंद्र है, जहां हर साल गिने-चुने पर्यटक ही पहुंचते हैं. आतंकवाद, अपहरण और नागरिक अशांति के खतरे को देखते हुए अमेरिका और ब्रिटेन ने यहां यात्रा न करने की सलाह दी है. फिर भी लोगों की वहां जाने की रूचि बढ़ी है.

ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के जिंदल ग्लोबल बिजनेस स्कूल में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विक्टर साहा ने डार्क टूरिज्म के विषय पर शोध किया है. वह डीडब्ल्यू हिंदी से बातचीत में डार्क टूरिज्म को चार श्रेणियों में बांटते हुए समझाते हैं, लोग डार्क एग्जीबिशन साइट्स पर जाते हैं, जहां तस्वीरों, दस्तावेजों और वीडियो के जरिए त्रासदियों को दिखाया जाता है. दूसरा है प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ा पर्यटन. इसमें लोग भूकंप, बाढ़, सुनामी और तूफान से प्रभावित जगहों पर जाकर वहां हुई तबाही और नुकसान को देखते हैं.

वह आगे बताते हैं, यूक्रेन, अफगानिस्तान और ईरान जैसे देशों में युद्ध से प्रभावित इलाकों को देखने में भी पर्यटक रुचि दिखा रहे हैं. उदहारण के लिए वे यूक्रेन में लोग युद्ध से तबाह इमारतों और खाली पड़े शहरों को देखकर उसके विनाश एवं मानवीय असर को समझना चाहते हैं. फिर आता है अनुभव-आधारित डार्क टूरिज्म जैसा चीन के सिमुलेशन सेंटर पर हो रहा है.

डार्क टूरिज्म से क्यों आकर्षित होते हैं पर्यटक?
डार्क टूरिज्म में दिलचस्पी बढ़ने के अलग-अलग कारण हैं. विशेषज्ञ डार्क टूरिज्म की तुरंत आलोचना नहीं करते. उनके अनुसार, लोगों में इतिहास को करीब से जानने की जिज्ञासा रहती है. पर्यटक उस घटना को महसूस करना चाहते हैं, जिसके बारे में सिर्फ किताबों में पढ़ा था और समझना चाहते हैं कि उस वक्त वहां के हालात कैसे रहे होंगे, लोगों ने क्या झेला. साथ ही, घटना के बाद कितना बदलाव आया.

इसके पीछे मनोवैज्ञानिक वजहें भी हैं. डॉ. विक्टर ने बताया कि ऐसी जगहों पर कई लोगों को सेडिस्टिक प्लेजर मिलता है. वह आगे कहते हैं, ऐसी जगहों पर जाकर लोग यह सोचते हैं कि आज वे उन हालात में नहीं हैं, जिनसे लोगों को कभी गुजरना पड़ा था. इससे उनके मन में जिंदगी को लेकर आभार पैदा होता है. वहीं, दूसरों की पीड़ा और संघर्ष को समझने से अपने दुख से निपटने का भावनात्मक सहारा मिलता है.

अनैतिकता से बचें पर्यटक
डार्क टूरिज्म का एक नैतिक पक्ष भी है. कई पर्यटक इन जगहों को मनोरंजन के तौर पर देखने लगते हैं, वे वहां जाकर व्लॉग बनाते हैं, तस्वीरें खींचते हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं. ऐसे में ऐतिहासिक या त्रासदी से जुड़ी जगहों की देखरेख करने वालों की भूमिका अहम होती है.

डॉ. विक्टर साहा बातचीत में कहते हैं कि पर्यटकों की भावनाओं को नियंत्रित नहीं सकता और न ही यह तय कर सकते हैं कि वे क्या महसूस करें या सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट करें. उन्हें समझना होगा कि ये केवल पर्यटन स्थल नहीं हैं, बल्कि कई लोगों के लिए दर्दनाक यादों और व्यक्तिगत क्षति से जुड़े स्थान हैं.

डॉ. विक्टर जोर देते हैं कि इन स्थलों के मैनेजर की जिम्मेदारी है कि प्रस्तुति में संवेदनशीलता होनी चाहिए, ताकि उस जगह के ऐतिहासिक महत्व को सामने लाते हुए जगह की गरिमा और उससे जुड़े मानवीय पहलुओं का पूरा ध्यान रखा जा सके.

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button