छत्तीसगढ़

संविधान के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही सरकार : साय

समान नागरिक संहिता से जनजातीय परंपराओं पर नहीं पड़ेगा प्रभाव..

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संविधान न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का आधार है। राज्य सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़ पुस्तक का विमोचन किया।

साय ने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को समान अधिकार और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष में 19 महीने जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में राज्य सरकार ने सम्मान राशि फिर से शुरू की है।

जनजातीय परंपराओं का होगा संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति गठित की गई है। जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता से इन परंपराओं पर प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नक्सली बस्तर में गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन जनता ने लोकतंत्र में अपना विश्वास बनाए रखा। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से अब बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू हुआ है।

साय ने कहा कि किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना और महतारी वंदन योजना के माध्यम से सरकार किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय, पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी, विधायक मोतीलाल साहू और सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button