रोनाल्डो के रिटायरमेंट पर बोले पुर्तगाल के कोच- मुझे पहले से जानकारी नहीं थी

-बेन कॉलिन्स
पुर्तगाल के फ़ुटबॉल कोच जॉर्ज जीसस ने कहा कि उन्हें क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल से रिटायरमेंट लेने के बारे में उसी समय पता चला, जब बाकी लोगों को इसकी जानकारी मिली.
41 साल के रोनाल्डो ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर रिटायरमेंट लेने का एलान किया था.
दरअसल, कोच जॉर्ज जीसस इस महीने होने वाले नेशंस लीग के मैचों के लिए टीम का एलान करने वाले थे, रोनाल्डो ने इससे एक दिन पहले ही रिटायरमेंट की घोषणा की.
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जीसस ने कहा कि रोनाल्डो ने अपने फ़ैसले के बारे में उन्हें पहले से कुछ नहीं बताया था.
जीसस ने कहा, मुझे भी इसके बारे में उसी समय पता चला, जब बाकी सभी लोगों को पता चला. उससे पहले मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता था.
उन्होंने कहा, वह खेल रहे थे, गोल कर रहे थे और मेरी टीम की सूची में शामिल खिलाड़ियों में से एक थे.
रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल से 30 दिनों का निलंबन पूरा करने के बाद फिर से टीम के लिए उपलब्ध थे. इस दौरान राष्ट्रीय टीम का कोई मैच नहीं हुआ था.
पांच बार बैलन डीओर जीत चुके रोनाल्डो सितंबर में पुर्तगाल की टीम का कैंप छोड़कर चले गए थे. उन्हें बताया गया था कि चार दिन बाद डेनमार्क के ख़िलाफ़ होने वाले नेशंस लीग के मैच में उन्हें शुरुआती टीम में जगह नहीं मिलेगी.(bbc.com/hindi)



