वैभव सूर्यवंशी बने बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम के कप्तान

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफ़ी के शुरुआती दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम का एलान किया.
15 साल के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि सूरज कश्यप उप-कप्तान होंगे.
यह पहली बार है जब वैभव बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे. उनकी अगुवाई में टीम आगामी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
बीसीए के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने इस फ़ैसले पर कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता दिखाई है. कप्तानी की ज़िम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर और लीडर के तौर पर आगे बढ़ने का मौक़ा देगी.
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति की बैठक 6 नवंबर को हुई थी. इसमें खिलाड़ियों के ट्रायल और उनके पिछले प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम चुनी गई. खिलाड़ियों के ट्रायल 4 से 6 नवंबर तक हुए थे.
बिहार की 17 सदस्यीय टीम:
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ़, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), रित्विक राज, सूरज कश्यप (उप-कप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इज़हार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज़ ख़ान और हिमांशु सिंह.
इसके अलावा मंगल महौर और शाकिब हुसैन का टीम में चयन उनकी फ़िटनेस पर निर्भर करेगा. पहले दो मैचों के बाद उनकी फ़िटनेस का आकलन किया जाएगा और फिर उनकी उपलब्धता पर अंतिम फ़ैसला लिया जाएगा.(bbc.com/hindi)



